दिल्ली के पुल प्रहलादपुर इलाके में दो महिलाओं ने पिज्जा खिलाने के बहाने सात महीने का बच्चा चोरी कर लिया। चोरी किया बच्चा दो जगह बेचा गया। पुलिस ने 12 घंटों में बच्चा बरामद कर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में बच्चा चोरी करने वाली दोनों महिलाएं और खरीदने वाले दो युवक शामिल है। पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
पुलिस को बच्चा चोरी किए जाने की शिकायत 4 मई को मिली थी। बच्चे की मां ने पुलिस को शिकायत कर अपने सात महीने के बेटे की चोरी होने की शिकायत की थी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बच्चे को खोजना शुरू कर दिया। पुलिस जांच में मालूम हुआ कि बच्चे को दो महिलाएं चोरी कर ली गईं जिसे उन्होंने एक शख्स को बेच दिया था। बाद में उस शख्स ने बच्चे को दूसरे युवक को बेच डाला।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, पुल प्रहलादपुर थाने में महिला ने अपने सात महीने के बटे के चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने पुलिस को बताया था कि वह अपनी दो भतीजियों और 7 महीने के बेटे के साथ मार्केट खरीददारी के लिए आई थी। वह बाजार में सामान खरीद रही थी। इतने में उसके पास दो महिलाएं आईं। इनमें एक की उम्र 35 और दूसरी महिला की उम्र करीब 22 साल थी। दोनों महिलाएं उनके पास आईं और बच्चों को प्यार करने लगीं।
महिलाओं ने उससे कहा कि बच्चे भूखे हैं इन्हें पिज्जा खिला देते हैं। महिलाएं बच्चों को दूकान में ले जाकर पिज्जा खिलाने लगी। इतने में एक महिला ने उसके बेटे को अपनी गोद में ले लिया। वह उसे खिलाने लगी। इतने में वह महिला उसके बेटे को फ्रूटी दिलाने के नाम पर उसे लेकर बाहर चली गई। दूसरी महिला उसी के पास बैठी रही। कुछ देर में वह महिला भी उसे चकमा देकर वहां से फरार हो गई। पीड़िता काफी देर तक अपने बेटे को खोजती रही।
पीड़िता की शिकायत को सुन पुलिस ने केस दर्ज कर 6 टीमों का गठन किया। पुलिस टीम ने बच्चे को खोजना शुरू कर दिया। जिस स्थान से बच्चा चोरी हुआ पुलिस ने वहां लोगों से पूछताछ की। उस इलाके के सीसीटीवी खंगाले गए। पिज्जा वाली दुकान और आने जाने वाले रास्तों पर भी पड़ताल की गई। पुलिस को बच्चा चोरी करने वाली महिलाओं के सुबूत मिल गए। सुराग मिलने के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में पहले फरीदाबाद के दयालबाग पहुंची, फिर यहां से दिल्ली के बदरपुर बॉर्डर पर जाकर पुलिस ने दोनों आरोपी महिलाओं को पकड़ लिया।
पुलिस को आरोपी महिलाओं के पास बच्चा नहीं मिला।उनसे बच्चे के बारे में जानकारी की गई। मालूम चला कि महिलाओं ने बच्चे को नवजीवन कैंप में रहने वाले सुनील को बेच दिया। पुलिस ने सुनील को भी गिरफ्तार कर लिया लेकिन यहां भी बच्चा नहीं महिला। सुनील से पूछा गया तो पता चला उसने बच्चे को मुकेश नाम के युवक को बेचा है। पुलिस ने मुकेश को हिरासत में लिया। उसके पास बच्चा बरामद हो गया। पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि मुकेश के कोई बच्चा नहीं था इसलिए उसने बच्चे को खरीदा था। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।