20 Apr 2024, 18:53:18 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
State

अमरिंदर की अगुवाई में होंगे अगले साल होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Feb 23 2021 12:28AM | Updated Date: Feb 23 2021 12:28AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

चंडीगढ़। पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की अगुवाई में होंगे। यह जानकारी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने आज दी। उन्होंने कहा कि साल 2022 के विधानसभा चुनाव में पार्टी का नेतृत्व कैप्टन सिंह करेंगे क्योंकि हालिया निकाय चुनावों में लोगों ने उनके नेतृत्व में आस्था जताते हुये भारी बहुमत से पार्टी को जिताया।

मुख्यमंत्री की ओर से स्मार्ट सिटी तथा अमरूत स्कीमों के तहत 1087 करोड़ रूपये के विकास प्रोजेक्टों की शुरूआत को लेकर आयोजित कार्यक्रम के दौरान आज जाखड़ ने कहा कि हाल के निकाय चुनाव में जोरदार जीत ने साफ कर दिया है कि लोग कैप्टन सिंह के नेतृत्व में भरोसा करते हैं और कांग्रेस मिशन 2022 के लिये कैप्टन ’ की शुरूआत पहले ही कर चुकी है और अगले साल चुनाव उनकी अगुवाई में ही होगा। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कैप्टन सिंह ने कठिन समय में कांग्रेस का नेतृत्व किया तथा पंजाब के लोग प्रदेश के प्रति उनके योगदान को भली भांति जानते हैं। पंजाब मौजूदा समय में संकट के दौर से गुजर रहा है।

चाहे कोरोना हो या कृषि कानून जिनके कारण किसान आंदोलन हो या फिर केन्द्र के पंजाब के प्रति सौतेला रवैया, इन मसलों के कारण राज्य सरकार को कठिनाई के दौर से गुजरना पड़ रहा है और ऐसे में कैप्टन सिंह की दूरदर्शिता और कुशल नेतृत्व ही इस हालात से उबार सकता है। केन्द्र के पंजाब के प्रति सौतेले रवैये की निंदा करते हुये जाखड़ ने कहा कि किसानी संघर्ष का समर्थन करने के कारण केंद्र सरकार ने पंजाब को यह सजा दी है। भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की अगुवाई में देश का संघीय ढांचा खतरे में है।

उन्होंने हाल ही में पाकिस्तान में ननकाना साहिब के दर्शनों के लिए जाने वाले जत्थे को इजाजत देने से इन्कार करने पर केंद्र सरकार के फैसले पर सवाल उठाये और आरोप लगाया कि केंद्र राज्य के विरुद्ध पक्षपाती रवैया अपना रहा है। शहरी इलाकों में विकास के उद्देश्य के साथ अलग-अलग प्रोजेक्टों की शुरुआत करने के लिए मुख्यमंत्री को बधाई देते हुये जाखड़ ने कहा कि उनकी सरकार पूरे प्रदेश का विकास कर रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री से अपील की कि साल 2022 के लिए कांग्रेस के घोषणापत्र में अमृतसर ‘गुरू की नगरी’ को सर्वोत्तम शहर बनाने का वायदा किया जाये। उन्होंने कहा कि अमृतसर को वैटिकन सिटी की तर्ज पर दुनिया के सर्वोत्तम शहरों में से एक बनाया जाना चाहिए।

  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »